

देहरादून । माया देवी विश्वविद्यालय, देहरादून के स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज द्वारा बुधवार को नवरात्रि के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नवरात्रि युवा संस्कार अभियान के अंतर्गत योग एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नवदुर्गा की मनमोहक प्रस्तुति रही। इस प्रस्तुति के माध्यम से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को दर्शाते हुए नवरात्रि की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को अभिव्यक्त किया गया। छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में डॉ. बिपिन जोशी का विशेष व्याख्यान भी प्रमुख आकर्षण रहा। नवरात्रि युवा संस्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित यह सत्र योग एवं मानसिक स्वास्थ्य के विषय पर केंद्रित था। कार्यक्रम के माध्यम से योग और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सुश्री दिव्या आर्या ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा डॉ. नीतिका तोमर ने कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने एकल गायन, नृत्य और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बी.ए. के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत हास्य नाटिका ‘दामाद विदाई’ ने कार्यक्रम को मनोरंजक बनाया।
इसके अतिरिक्त बी.ए. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने गरबा समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि श्री परमिंदर ने योग प्रदर्शन के माध्यम से कार्यक्रम की विषयवस्तु को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ा।
कार्यक्रम का समापन स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज के डीन प्रो. असद अहमद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया तथा नवरात्रि की परंपराओं के साथ योग और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को जोड़ने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में कला एवं मानविकी विभाग के डाॅ0 रितेश कुमार, डाॅ0 प्रीति राजोरिया, डाॅ0 साक्षी, डाॅ0 निधि गर्ग, डाॅ0 नीतिका तोमर, नन्दिनी त्यागी, जाह्न्वी, अर्जन शर्मा, डाॅ0 दिव्यमणी शर्मा, आयुषी कोठारी, पंकज चतुर्वेदी व अन्य सभी मौजूद रहें।

